बैतूल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बुधवार को बैतूल जिले के सारनी में देश के वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। बाबा मठारदेव की नगरी सारनी आज मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के प्रथम नगर आगमन पर उल्लास से सराबोर हुई। वीर सैनिकों के सम्मान में आन बान और शान से तिरंगा यात्रा काली माई चौराहे से प्रारंभ हुई। तिरंगा यात्रा में अपार जनसमूह कतार बद्ध होकर शामिल हुआ। ढोल बाजे और मृदंग की मधुर थाप पर आदिवासी लोक नर्तको का दल आगे आगे आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत करता हुआ चला। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने वंदे मातरम और भारत माता की जय का उदद्घोष किया। सड़कों के दोनों और से अपार जन समूह ने मुख्यमंत्री पर फूलों की वर्षा की। मुख्यमंत्री फूलों की विशेष रथ पर सवार थे। मुख्यमंत्री ने भी सभी पर फूलों की वर्षा की। काली माई से प्रारंभ हुई भव्य तिरंगा यात्रा जेरी चौक अंबेडकर चौराहा पहुंची। अंबेडकर चौराहे पर मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तिरंगा यात्रा सुपर मार्केट, शिव मंदिर, रेलवे कॉलोनी होते हुए सभा स्थल तक पहुंची ।
जगह-जगह बनाए गए स्वागत मंच से पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संघ, जनजातीय समाज, रविदास समाज, सेन समाज, स्व सहायता समूह की महिलाएं, युवा, बुजुर्गों, गायत्री परिवार, मुस्लिम समाज, यादव एवं पवार समाज, लाडली बहनों ने तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया एवं मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी समाज के लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान समूचा सारनी शहर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया और आसमान भारत माता की जय और वंदे मातरम के उदद्घोष से गुंजायमान होता रहा । इस यात्रा में लोक स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल एवं सारनी के विधायक श्री योगेश पंडाग्रे, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, सुधाकर पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा लिए सभी समाज के लोगों ने एवं सभी आयु वर्ग के नागरिकगण बड़ी संख्या में इस तिरंगा यात्रा में भरपूर उत्साह के साथ शामिल हुए ।

