बैतूल। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जन भागीदारी से जल संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करना हैं। इसके तहत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व वाले तालाबों, जल स्त्रोतों, देवालयों की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाना हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भैंसदेही श्री देवेन्द्र दीक्षित ने बताया कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बैतूल श्री अक्षत जैन के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत भैंसदेही में ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक धरोहर मां पूर्णा नदी के पूर्णा घाट की साफ-सफाई और घाट का 24.70 लाख से निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में एक ओर के घाट का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया है एवं दूसरी ओर का घाट निर्माण कार्य शुरू किया गया है। भैंसदेही विकास खंड की जीवन दायिनी मां पूर्णा में आम जन मानस की आस्था, श्रद्धा और भक्ति भाव से ओत प्रोत है। विकासखंड की 50 ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण कार्यों को ग्रामीणों की सहभागिता से किए जा रहे हैं। प्रति पंचायत 3 खेत तालाब और 7 कूप रिचार्ज पिट के कार्य कराए जा रहे हैं।

