बैतूल। बैतूल मुख्यालय के तुलसी नगर निवासी रूपाली नरवरे आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। पिछले 12 वर्षों से वे पारंपरिक सेवई बनाने का व्यवसाय कर रही थीं, लेकिन सीमित संसाधनों के चलते व्यवसाय को बढ़ा नहीं पा रही थी। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना की जानकारी मिली, जिसने उनके व्यवसाय को नया आयाम दे दिया। श्रीमती रूपाली ने योजना के अंतर्गत आवेदन किया और उन्हें ढाई लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इस धनराशि से उन्होंने अपने सेवई निर्माण व्यवसाय में नई मशीनें एवं संसाधन जोड़े, जिससे उत्पादकता में वृद्धि हुई। व्यवसाय के विस्तार के साथ ही उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। श्रीमती रूपाली नरवरे ने बताया कि अब वह पहले से कई गुना अधिक सेवई तैयार कर पा रही हैं, जिससे बाजार में उनकी मांग बढ़ी है। उन्होंने इस व्यवसाय के माध्यम से दो लोगों को रोजगार भी प्रदान किया है। इससे न केवल उनका परिवार सशक्त हुआ है, बल्कि अन्य परिवारों को भी सहारा मिला है। श्रीमती रुपाली ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। इन योजनाओं से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सशक्त राष्ट्र का उदाहरण बन रही है। जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है।

