मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने जिले की 273562 लाडली बहनों के खाते में 33 करोड़ 19 लाख से अधिक की राशि की अंतरित

बैतूल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को देवास के सोनकच्छ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 1553 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को 337 करोड़ और  किसानों को किसान कल्याण योजना में 1624 करोड़ की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। प्रदेश के साथ बैतूल जिले की लाड़ली बहने, किसान और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राही भी लाभान्वित हुए।

                जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया जिसमें राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण के जरिए मुख्यमंत्री डॉ यादव के उद्बोधन को देखा और सुना गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बैतूल जिले की 273562 लाड़ली बहनों के खाते में 33 करोड़ 19 लाख 55 हजार 900 रुपए, जिले के 235319 किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 47 करोड़ 6 लाख 38 हजार और जिले के 126876 सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को 7 करोड़ 61 लाख की राशि से लाभान्वित किया।

                जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक बैतूल हेमंत खंडेलवाल, विधायक आमला डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक मूलताई चंद्रशेखर देशमुख, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, सीईओ जिला पंचायत अक्षत जैन, एडीएम राजीव नंदन श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हितग्राही उपस्थित रहें। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला मुख्यालय स्थित सभी ब्लॉक स्तर पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *