किसानों को 5 रुपए में बिजली का मिलेगा स्थाई कनेक्शन : मुख्यमंत्री
भोपाल। मुख्यमंत्री निवास पर रविवार को किसान आभार सम्मेलन का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भगवान बलराम एवं भारत माता का पूजन कर किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं होशंगाबाद नरसिंहपुर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री का गज माला से स्वागत कर स्मृति चिन्ह एवं आभार पत्र भेंट किये।
आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गेहूं उपार्जन पर ₹175 अतिरिक्त बोनस देते हुए खरीदी मूल्य ₹2600 प्रति क्विंटल घोषित किया साथ ही धान उत्पादक किसान को भी ₹4000 प्रति हेक्टेयर प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने किसानों को 5 रुपए में बिजली का स्थाई कनेक्शन देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह योजना मध्य क्षेत्र में सबसे पहले लागू की जाएगी। इसके बाद पश्चिम क्षेत्र एवं पूर्व में लागू की जाएगी। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि सरकार इस बजट में किसानों को सोलर पंप के माध्यम से बिजली के झंझट से मुक्त करने की योजना बना रही है। अगले तीन साल में 30 लाख सोलर पंप दिए जाने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सोलर पंपो से जो अतिरिक्त बिजली का उत्पादन होगा उसे सरकार खरीदेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ने से उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड को पानी मिलेगा। जो कांग्रेस को असंभव लग रहा था उसे हमने संभव कर दिखाया। अब चंबल-मालवा के 13 जिले की पीकेसी (परियोजना) से सूरत बदलने वाली हैं। कार्यक्रम में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार किसानों की उम्मीदों से कहीं ज्यादा उनके लिए सोचती है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि विधानसभा में 163 सीटें और लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटें जीतने में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों का बड़ा योगदान है।
इस अवसर पर किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को हल, बैलगाड़ी और गेहूं की बालियां भेंट की। बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और होशंगाबाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि धान का समर्थन मूल्य 4,000 रुपए प्रति क्विंटल और गेहूं का 2,600 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार और मुख्यमंत्री ने जो कहा, वह किया और जो नहीं कहा था, वह भी किया।”
आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दर्शन सिंह चौधरी, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर और विधायक रामेश्वर शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रदेश से किसानों की उपस्थिति रही।


